ग्लोबल चैस लीग डे-6 : त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स और अपग्रेड मुंबा मास्टर्स में कांटे की टक्कर, क्या आज बदलेगा समीकरण?
20/12/2025 - टेक महिंद्रा ग्लोबल चेस लीग अपने मध्य पड़ाव से आगे बढ़ चुकी है और प्रतियोगिता के 6 दिन पूरे हो चुके हैं। जहाँ शुरुआती 5 दिनों में सभी टीमें आपस में एक-एक मैच खेल चुकी थीं, वहीं कल प्रतियोगिता के छठे दिन कुछ टीमों ने 2-2 मैच खेले और आज भी हमें 4 मैच खेलते नज़र आएंगे। कल तक शीर्ष स्थान पर चल रही त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने अपनी बढ़त अभी भी मज़बूत रखी हुई है और उन्होंने 5/7 मैच जीतकर शीर्ष स्थान पर कब्ज़ा जमाए रखा है। वहीं दूसरे स्थान पर 4/6 मैच जीतकर होम टीम अपग्रेड मुंबा मास्टर्स चल रही है। तीसरे से अंतिम स्थान तक क्रमशः अल्पाइन एसजी पाइपर्स (3/6 जीत), गंगा ग्रैंडमास्टर्स (3/6 जीत), फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स (2/6 जीत) और पीबीजी अलास्का नाइट्स (2/7 जीत) पर हैं। आज गंगा ग्रैंडमास्टर्स और फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स 2-2 मुकाबले खेलेंगे, वहीं बाकी सभी टीमें 1-1 मुकाबला खेलने वाली हैं। मुंबई के रॉयल ओपेरा हाउस में दिन के 3:30 बजे से ये मैच खेले जाने हैं और दर्शक इन बाज़ियों का लुत्फ़ स्टार स्पोर्ट्स, जियो हॉटस्टार और चेसबेस इंडिया के यूट्यूब चैनल पर उठा सकते हैं। पढ़ें देवांश सिंह की यह रिपोर्ट, फोटो : आदित्य रॉय सूर, ग्राफ़िक : Tech Mahindra Global Chess League.