नॉर्वे शतरंज 2019 – मेगनस कार्लसन बने विजेता ! आनंद को सातवाँ स्थान
15/06/2019 -आखिरकार मौजूदा विश्व चैम्पियन मेगनस कार्लसन नें अपने देश मे ही आयोजित होने वाली विश्व की सबसे कठिन प्रतियोगिता मे शुमार नॉर्वे शतरंज 2019 का खिताब अपने नाम कर लिया । पिछले वर्ष वह यह कारनामा नहीं कर सके थे । खैर रोचक बात यह रही की अंतिम राउंड में कार्लसन को अमेरिका के फबियानों करूआना से हार का सामना करना पड़ा बावजूद इसके 13.5 अंको के साथ बड़े अंतर से उन्होने खिताब को अपने नाम कर लिया । अंतिम राउंड में भारत के विश्वनाथन आनंद को पराजित करते हुए अर्मेनिया के लेवान अरोनियन 10.5 अंक बनाकर बेहतर टाईब्रेक के आधार पर दूसरे स्थान पर रहे । भारत के विश्वनाथन आनंद के लिए टूर्नामेंट मिला जुला रहा और पहले तो दो राउंड में कार्लसन और ममेद्यारोव के हाथो हार के बाद उन्होने मेक्सिम लाग्रेव ,डींग लीरेन और वेसली सो को मात देकर अच्छी वापसी की और लगा की वह लय में लौट आए है पर फिर उन्हे यू यांगी और फबियानों करूआना से करीबी हार का सामना करना पड़ा । अंतिम दो राउंड में भी पहले वह रूस के ग्रीसचुक से जीते पर अंतिम राउंड लेवान अरोनियन से हार गए और इस प्रकार 9 में से 4 जीत और 5 हार उनके खाते में आई ।